मध्यप्रदेश लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
मध्यप्रदेश लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शनिवार, 18 दिसंबर 2021

पंचायत निर्वाचन अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित पदों को छोड़कर शेष पदों के लिए जारी रहेगी निर्वाचन प्रक्रिया

भोपाल :आयुक्त राज्य निर्वाचन आयोग श्री बसंत प्रताप सिंह ने  जानकारी दी है कि सर्वोच्च न्यायालय द्वारा पारित आदेश के पालन में मध्य प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा त्रि-स्तरीय पंचायतों के आम निर्वाचन वर्ष 2021-22 के लिए जारी कार्यक्रम के अंतर्गत अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित पंच, सरपंच, जनपद पंचायत एवं जिला पंचायत सदस्य के पदों की निर्वाचन प्रक्रिया स्थगित कर दी गई है। सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय के अनुसार अन्य पदों के लिए निर्वाचन की प्रक्रिया राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेगी। 

   श्री सिंह ने कहा है कि आज सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय पर विचार के लिए अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वोच्च न्यायालय द्वारा पूर्व में के. कृष्णमूर्ति एवं विकास किशन राव गवली प्रकरण में दिए गए निर्णय का भी अध्ययन किया गया। श्री सिंह ने बताया कि राज्य सरकार को पत्र लिख रहे हैं कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय के अनुसार अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित पदों के संबंध में रि-नोटिफाई करने की कार्रवाई एक सप्ताह में कर आयोग को सूचित करें, जिससे इन स्थानों पर यथाशीघ्र निर्वाचन करवाया जा सके। उन्होंने बताया कि आरक्षण के संबंध में कार्यवाही का अधिकार राज्य सरकार को है।

   श्री सिंह ने कहा है कि जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि 17 दिसंबर 2021 तक अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों द्वारा उनके लिए आरक्षित पदों के लिए जो नाम निर्देशन-पत्र प्रस्तुत किए गए हैं, उन्हें सुरक्षित रखा जाए। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए जिला पंचायत सदस्य  के 155, जनपद पंचायत सदस्य के 1273, सरपंच के 4058 और पंच के 64 हजार 353 पद आरक्षित हैं।

    बैठक में सचिव राज्य निर्वाचन आयोग श्री बी.एस. जामोद, ओएसडी श्री दुर्ग विजय सिंह एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे। 


 

गुरुवार, 25 नवंबर 2021

मध्‍य प्रदेश किसान मोर्चा के 12 जिला अध्यक्ष घोषित

भोपाल। प्रदेश कार्यसमिति की बैठक से पहले भारतीय जनता पार्टी में मोर्चा पदाधिकारियों की नियुक्ति का सिलसिला शुरू हो गया है। बुधवार को किसान मोर्चा ने जिला अध्यक्षों की घोषणा की है। किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष दर्शन सिंह चौधरी ने 12 अध्यक्ष बनाए हैं।

किसान मोर्चा के नवनियुक्त अध्यक्षों में महेन्द्र यादव दतिया, बृजमोहन सिंह गुर्जर ग्वालियर ग्रामीण, किशन पटेरिया टीकमगढ़, ब्रजेंद्र पाल निवाड़ी, प्रशांत पाठक रीवा, कृष्णा पांडे सतना, कमलेश गुप्ता उमरिया, जितेन्द्र मोहारे बालाघाट, उमेश शुक्ला मंडला, देवी सिंह बघेल सिवनी, राजेश गोदारा हरदा, राजू विश्वनाथ पाटिल बुरहानपुर और महेश गुर्जर खरगोन के नाम शामिल हैं।


बुधवार, 24 नवंबर 2021

भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की 21 जिलाध्यक्ष घोषित

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा की सहमति से महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष माया नारोलिया ने मोर्चा की 21 जिलाध्यक्षों की घोषणा की है।

जिलाध्यक्षों में निलिमा शिन्दे - ग्वालियर नगर, सरोज तोमर- श्योपुर, संध्या भार्गव- सागर, उर्मिला साहू- छतरपुर, शशि सिंह परमार -पन्ना, संतोष सिंह सिसौदिया - रीवा, पूनम सोनी - सीधी, सीमा जायसवाल - सिंगरौली, रश्मि खरे -अनूपपुर, सीमा जैन सोगानी - कटनी, अल्का गर्ग-जबलपुर ग्रामीण, नरबदिया मरकाम - डिंडोरी, मुक्ता जोशी -मंडला, हेमा वाधवानी- बालाघाट, उर्मिला उइके- सिवनी, निशा सोनी- नरसिंहपुर, नम्रता शर्मा - भोपाल ग्रामीण, गायत्री तोमर- अलीराजपुर, उषा सोनी - उज्जैन ग्रामीण,पूनम पटवा - रतलाम एवं निर्मला गुप्ता- मंदसौर को घोषित किया है।



शनिवार, 20 नवंबर 2021

लगातार 5वीं बार सबसे स्वच्छ शहर बना इंदौर

रोज निकलता है 1200 टन कचरा

मध्य प्रदेश की औद्योगिक राजधानी कहलाने वाले इंदौर शहर में रोजाना 1200 टन कचरा निकलता है लेकिन इसके बाद भी शहर में गंदगी दिखाई नहीं देती है। इसीलिए शहर ने लगातार पांचवीं बार देश में सबसे स्वच्छ शहर होने का गौरव हासिल किया है। इसे दिल्ली में राष्ट्रपति रामनाथ कोविद ने नगरीय विकास और आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह ने यह पुरस्कार ग्रहण किया है। 

स्वच्छ सर्वेक्षण-2021 में मध्यप्रदेश के इंदौर शहर का एक बार फिर डंका बजा है। इंदौर 5वीं बार भी देशभर में अव्वल आया है। वर्ष 2017 से इंदौर देशभर में नंबर-1 पर आ रहा है। इस बार इंदौर ने सफाई का 'पंच' लगा दिया। सफाई मित्र सुरक्षा चैलेंज में भी इंदौर अव्वल रहा। इसमें 12 करोड़ रुपए का पुरस्कार मिला। MP कई शहरों ने अच्छी रैंकिंग पाई है। मध्यप्रदेश को कुल 35 अवार्ड मिलेंगे। इंदौर के पांचवीं पर टॉप रहने पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का इंदौरी अंदाज दिखा। उन्होंने ट्वीट किया- वाह भिया! छा गया अपना इंदौर...

इंदौर का कचरा मैनेजमेंट

इंदौर शहर में 1200 टन कचरा निकलता है जिसमें से 700 टन गीला कचरा है।  कचरा प्रबंधन के लिए खाद और बायोमिथेनाइजेशन प्लांट का उपयोग कर उससे आमदनी भी की जाती है। 343 करोड़ रुपए से  शहर में 137 किलोमीटर नदी और नाले की सफाई होती है। शहर में 450 टन सूखा कचरा निकलता है जिसे प्रोसेस करने वाली कंपनियां नगर निगम इंदौर को दो करोड़ रुपए देती हैं। 


सोमवार, 15 नवंबर 2021

प्रधानमंत्री मोदी जनजातीय गौरव दिवस महासम्मेलन में शामिल होने पहुँचे भोपाल

स्टेट हेंगर पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने की अगवानी

भोपाल :  प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी आज दोपहर जनजाति महानायक भगवान बिरसा मुण्डा की जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस महासम्मेलन में शामिल होने स्टेट हेंगर भोपाल पहुँचे। प्रधानमंत्री श्री मोदी का राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान, विधानसभा अध्यक्ष श्री गिरीश गौतम और वेटिंग इन मिनिस्टर प्रदेश के वित्त मंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने अगवानी की।

      इस अवसर पर मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैस,  पुलिस महानिदेशक श्री विवेक जौहरी, विधायक   श्री रामेश्वर शर्मा सहित जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित थे।

शुक्रवार, 12 नवंबर 2021

किसानों के खाते में 15 दिसंबर को 2000 रुपए आएंगे; केंद्र सरकार ने लिस्ट जारी की

प्रधानमंत्री (PM) किसान योजना के तहत किसानों के खाते में 10वीं किस्त 15 दिसंबर को आएगी। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को 2000 रुपए दिए जाएंगे। केंद्र सरकार ने लाभार्थियों की सूची भी जारी कर दी गई है।

11.37 करोड़ किसानों के खातों में रुपए आएंगे

योजना के तहत किसानों के बैंक खाते में सालाना 6 हजार रुपए भेजे जाते हैं। यह राशि 2000-2000 रुपए की तीन किस्तों में भेजी जाती है। अब तक मोदी सरकार देशभर के लगभग 11.37 करोड़ किसानों के बैंक खातों में तकरीबन 1.58 लाख करोड़ रुपए डाल चुकी है। सरकार ने योजना के लाभार्थियों की सूची जारी कर दी है। ऐसे में किसान अपना नाम लिस्ट में ऑनलाइन जाकर देख सकते हैं।

इस तरह लिस्ट में चेक करें नाम

योजना के तहत पंजीकृत लाभार्थी सूची में अपना नाम चेक कर सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जाना होगा। यहां पर Farmers Corner पर क्लिक करें। इसमें आपको अपने क्षेत्री से जुड़ी सूचनाएं देनी होंगी। जैसे- राज्य, जिला, उप-जिला, ब्लॉक और गांव का नाम भरना होगा। फिर Get Report पर क्लिक करें। यहां आपको एक लिस्ट दिखेगी। इसमें आपको लाभार्थियों की पूरी सूची दिख जाएगी, जिसमें आप अपना नाम चेक कर सकते हैं।

गुरुवार, 21 अक्टूबर 2021

मध्य प्रदेश में सरकारी कर्मचारियों को तोहफा:महंगाई भत्ता 8 प्रतिशत बढ़ा

अब 12% से बढ़कर 20% होगा महंगाई भत्ता
वेतन वृद्धि की 50% राशि नवंबर माह के वेतन में और शेष 50% राशि मार्च 2022 के वेतन में मिलेगी

भोपाल मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मेरे प्रदेश के कर्मचारी सच्चे अर्थों में कर्मयोगी हैं। कोरोना-काल में कर्मचारियों ने जो सेवा की है, वह निश्चय ही अभिनंदनीय है। पिछले डेढ़ साल में राज्य को कोरोना की दो भीषण लहरों का सामना करना पड़ा था। इस कारण एक ओर सरकार का खर्च बढ़ा, वहीं दूसरी ओर राजस्व आय में भारी कमी आई। इसीलिए सरकार ने उस कठिन समय में कर्मचारियों को दी जाने वाली वेतन-वृद्धि को कुछ समय के लिए स्थगित किया था। अब हमने महंगाई भत्ता बढ़ाने और वेतन-वृद्धि देने का निर्णय लिया है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश के सभी शासकीय सेवकों का महंगाई भत्ता 8 प्रतिशत बढ़ाया जाएगा। शासकीय सेवकों को बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता नवम्बर 2021 में भुगतान होने वाले, अक्टूबर 2021 के वेतन में जुड़कर मिलेगा। इसके साथ ही अब प्रदेश के अधिकारी-कर्मचारियों को मिलने वाला कुल महंगाई भत्ता 12 प्रतिशत से बढ़कर 20 प्रतिशत हो जाएगा। कोरोना-काल में राज्य की वित्तीय स्थिति अत्यधिक प्रभावित होने से शासकीय सेवकों को जुलाई 2020 और जनवरी 2021 में मिलने वाली वेतनवृद्धि भी स्थगित रखी गयी थी। राज्य सरकार ने अब यह निर्णय लिया है कि लंबित वेतनवृद्धि का 50 प्रतिशत नवम्बर 2021 में भुगतान होने वाले, अक्टूबर 2021 के वेतन के साथ दिया जाएगा।

लंबित वेतनवृद्धि की शेष 50 प्रतिशत राशि, मार्च 2022 में भुगतान होने वाले फरवरी 2022 के वेतन के साथ दी जाएगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने भोपाल में स्टेट हैंगर में मीडिया से चर्चा करते हुए यह बात कही।

गुरुवार, 14 अक्टूबर 2021

राज्यपाल पटेल ने म.प्र. उच्च न्यायालय के नवनियुक्त मुख्य न्यायाधिपति श्री रवि विजयकुमार मलिमठ को शपथ ग्रहण कराई

भोपाल।राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने नवनियुक्त मुख्य न्यायाधिपति श्री रवि विजयकुमार मलिमठ को मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधिपति की शपथ राजभवन में दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन गुरूवार को सांदीपनि सभागार राजभवन में किया गया था। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान मौजूद थे।

गृह, जेल, संसदीय कार्य और विधि एवं विधायी कार्य मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह, चिकित्सा शिक्षा और भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास मंत्री श्री विश्वास सारंग, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम एवं विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री श्री ओम प्रकाश सखलेचा, सांसद साध्वी सुश्री प्रज्ञा सिंह ठाकुर, श्री वी.डी. शर्मा, विधायक श्रीमती कृष्णा गौर, श्री पी.सी.शर्मा, मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधिपतिगण, विधि-विधायी कार्य एवं अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुये। मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैंस ने शपथ विधि कार्यवाही का संचालन किया।

शनिवार, 9 अक्टूबर 2021

सिंधी साहित्‍य में योगदान के लिए बैरागढ़ में साहित्यकार खीमन मूलानी का सम्‍मान


भोपाल। राजधानी के उपनगर बैरागढ़ में झूलेलाल चालीहा मंदिर समिति ने अर्द्धचेत्री महोत्सव में शीर्ष सिंधी साहित्यकार खीमन मूलानी का सम्मान किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को सिंधी साहित्य सृजन के लिए आगे आना चाहिए। साहित्य क्षेत्र को युवाओं की जरूरत है।

न्यू बी-10 स्थित मंदिर में भगवान झूलेलाल की पूजा-अर्चना का विशेष कार्यक्रम हुआ। मंदिर समिति के संरक्षक साबू रीझवानी, गुलाब जेठानी एवं महिला विंग की प्रभारी किरण वाधवानी ने भगवान झूलेलाल की प्रतिमा के समक्ष ज्योति प्रज्जवलित की। प्रमुख ज्योतिर्विद पं. नारायण शर्मा एवं साबू रीझवानी ने मूलानी को सम्मान पत्र प्रदान किया। रीझवानी ने कहा कि मूलानी की साहित्य सेवाओं की जितनी सराहना की जाए, कम है। सिंधी साहित्य को ऊंचाइयों पर पहुंचाने में मूलानी का बहुत योगदान रहा है। बैंकर्स क्लब के अध्यक्ष गुलाब जेठानी ने कहा कि सिंधी साहित्य के क्षेत्र में युवाओं की कमी चिंता का विषय है। हमें यह कमी पूरी करनी होगी।

महिला पंचायत युवाओं को प्रोत्साहित करेगी

समारोह को संबोधित करते हुए सिंधी महिला पंचायत की अध्यक्ष किरण वाधवानी ने कहा कि सिंधी साहित्य सृजन को बढ़ावा देने के लिए पंचायत युवाओं को प्रोत्साहित करेगी। उन्होंने कहा कि मप्र सिंधी साहित्य अकादमी भी युवाओं को अवसर दे रही है, यह अच्छी बात है। इस मौके पर भजन-कीर्तन का विशेष कार्यक्रम भी हुआ। समारोह में लक्ष्मण धनराजानी, प्रेम पठानी, शेरू रीझवानी, नानक लेखवानी एवं सुरेश पारवानी सहित अनेक लोग उपस्थित थे। मूलानी ने कहा कि मंदिर समिति ने धार्मिक के साथ सामाजिक क्षेत्र में भी ख्याति अर्जित की है। उन्होंने सम्मान के लिए सभी का आभार प्रकट किया।

शुक्रवार, 8 अक्टूबर 2021

मध्यप्रदेश के स्कूलों में दशहरे पर 3 दिन और दीपावली पर 5 दिन की छुट्‌टी

मध्यप्रदेश में स्कूल शिक्षा विभाग ने त्योहारी सीजन के लिए अवकाश घोषित कर दिए हैं। शिक्षकों और छात्रों के लिए दशहरा पर 14 से 16 अक्टूबर तक 3 दिन की छुट्‌टी रहेगी। दीपावली पर 5 दिन का अवकाश दिया जाएगा। यह 2 नवंबर से लेकर 6 नवंबर तक रहेगा।

इसके साथ ही ठंड में 7 दिन का शीतकालीन अवकाश दिया जाएगा। इसके बाद छात्रों की गर्मियों की छुटि्टयां 1 मई 2022 से 16 जून 2022 तक रहेंगी, जबकि शिक्षकों के लिए अवकाश 1 मई से 9 जून तक होगा। इस संबंध में स्कूल शिक्षा विभाग के उप सचिव प्रमोद सिंह ने गुरुवार शाम आदेश जारी कर दिए।

शनिवार, 2 अक्टूबर 2021

वैश्विक प्रतिष्ठा के लिए देश में हिंदी का बनाए आधार मजबूत : राज्यपाल पटेल

राज्यपाल ने हिंदीतर सेवियों को किया सम्मानित

भोपाल । राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने कहा है कि हिन्दी की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ाने देश में उसका आधार और अधिक मजबूत बनाना होगा। उन्होंने कहा कि जिस समाज की भाषा ताकतवर होती है, वह समाज भी ताकतवर होता है। भाषा की शक्ति उसके बोलने वाले के व्यवहार, भाव और भावनाओं पर आधारित होती है। हिंदी को और अधिक मजबूत बनाने के लिए समाज को सशक्त, समर्थ और समृद्ध बनाने के प्रयास जरूरी है।

राज्यपाल श्री पटेल आज हिंदी भवन में म.प्र. राष्ट्र भाषा प्रचार समिति द्वारा हिन्दीतर भाषी सेवी सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। राज्यपाल ने महात्मा गांधी जी और पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जन्म जयंती पर उनके चित्रों पर माल्यार्पण कर, स्मरण किया। हिंदी सेवी सम्मान से 11 और विशिष्ट सम्मान से तीन व्यक्तियों को सम्मानित किया। पूर्व सांसद, राष्ट्रभाषा प्रचार समिति उपाध्यक्ष श्री रघुनंदन शर्मा भी मौजूद थे।

राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि हिंदी की सेवा राष्ट्र की सेवा है। हिंदी सेवी व्यक्तियों और संस्थाओं का सम्मान राष्ट्र का सम्मान है। उन्होंने कहा कि हिंदी का वैश्विक स्वरूप निरंतर बेहतर हो रहा है। आज दुनिया के सभी देशों के विश्वविद्यालयों में हिंदी पढ़ाई जाती है। विश्व हिंदी सम्मेलन में 45 देशों से प्रतिनिधि शामिल होते है। उन्होंने कहा कि वर्तमान युग टेक्नोलॉजी का युग है। हिंदी को आधुनिकतम, उन्नत विज्ञान की भाषा बनाना होगा। हिंदी भाषियों को ज्ञान और व्यवसाय के नये अवसर उपलब्ध कराना सरकार और समाज की जिम्मेदारी है। श्री पटेल ने आयोजन में प्रस्तुत हिंदी गीत की सराहना करते हुयें, सफल आयोजन की बधाई दी। सम्मानित हिंदीतर सेवियों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी।

समिति के अध्यक्ष श्री सुखदेव प्रसाद ने बताया कि हिंदी का व्यवसायिक कार्यो में उपयोग तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि हिंदी के विकास के द्वारा समग्र भारतीय संस्कृति को और अधिक मजबूत बनाने के प्रयास किए जा रहे है। समिति संचालक श्री के.सी.पंत ने बताया कि समारोह का आयोजन आत्मवलोकन का अवसर है। समिति हिंदी के मुद्दों पर चिंतन का कार्य सतत् रूप से कर रही है। हिंदी के द्वारा राष्ट्र में सामंजस्य और समन्वय की पहल में हिंदीतर हिंदी सेवियों के सम्मान और विभिन्न विषयों पर विमर्श मालायें आयोजित की जा रही है। कार्यक्रम में प्रशस्ति वाचन हिंदी भवन न्यास के निदेशक श्री जवाहर कनावट ने किया। आभार प्रदर्शन श्री सुरेन्द्र बिहारी गोस्वामी ने किया।


मुख्यमंत्री चौहान ने महात्मा गांधी और शास्त्री की जयंती पर किया नमन

भोपाल । मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने महात्मा गांधी और देश के द्वितीय प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें नमन किया। निवास स्थित सभागार में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने उनके चित्र पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर यूपीएससी में राष्ट्रीय स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त भोपाल की जागृति अवस्थी भी साथ थीं।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने महात्मा गांधी का स्मरण करते हुए कहा कि अहिंसा के पुजारी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन। गांधी जी का दर्शन सत्य का प्रयोग था, जिसने अहिंसा को अस्त्र बनाकर विश्व को नया दर्शन औऱ सिद्धांत दिया। हम सभी गांधी जी के विचारों को आत्मसात कर उनके दिखाये मार्ग पर चलने का संकल्प लें।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सरलता और सादगी की प्रतिमूर्ति, विनम्रता के पर्याय, भारत रत्न से सम्मानित पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती पर उन्हें सादर नमन किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि "जय जवान-जय किसान" का उदघोष कर शास्त्री जी ने देश में नई चेतना और ऊर्जा का संचार किया था।

गुरुवार, 30 सितंबर 2021

मुख्यमंत्री चौहान ने स्व. माधवराव सिंधिया को किया नमन

भोपाल : मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. माधवराव सिंधिया की पुण्य तिथि पर नमन किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आज मुख्यमंत्री निवास सभाकक्ष में स्व. माधवराव सिंधिया के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया और मध्यप्रदेश के हित में उनके द्वारा दिए गए योगदान का स्मरण किया। कुरवाई विधायक श्री हरि सप्रे भी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने ट्वीट किया है कि "मध्य प्रदेश की माटी के रत्न भूत पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय श्रीमंत माधव राव सिंधिया जी की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि। अपने कार्यों और पुनीत विचारों के माध्यम से आप सदैव प्रदेश वासियों के हृदय में रहेंगे।"

उल्लेखनीय है कि 30 सितंबर 2001 को एक विमान दुर्घटना में श्री माधवराव सिंधिया का निधन हो गया था।

खेलों के विकास के लिए नहीं रुकेंगे प्रयास

मुख्यमंत्री  चौहान ने दिया खेल प्रेम का परिचय

भोपाल : मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने खेल प्रेम का परिचय देते हुए प्रदेश में खेलों के विकास के प्रयास निरंतर करने का संकल्प लिया है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने मंगलवार को विभिन्न खेल संगठनों के पदाधिकारियों के साथ बातचीत में अपने संकल्प की जानकारी दी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बताया कि मध्यप्रदेश में वर्ष 2005 के बाद खेल बजट में कई गुना वृद्धि की गई है। विभिन्न खेलों के विकास के लिए खेल अकादमियों के गठन, खिलाड़ियों को भोजन और पोषण आहार की सुविधा, अच्छे खेल मैदान उपलब्ध करवाकर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खेल स्पर्धाओं के लिए उन्हें तैयार किया गया। इसका ही यह परिणाम है कि आज टोक्यो ओलिंपिक में मध्य प्रदेश महिला हॉकी अकादमी से प्रशिक्षित खिलाड़ियों ने भारतीय टीम में प्रतिनिधित्व किया। यह टीम भले कोई पदक अर्जित न कर सकी हो, लेकिन विश्व में चौथे क्रम पर आकर अपनी श्रेष्ठता का प्रमाण प्रस्तुत किया है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने भारतीय ओलंपिक संघ, मध्यप्रदेश ओलंपिक संघ और हॉकी इंडिया के पदाधिकारियों के साथ चर्चा में कहा कि मध्यप्रदेश में विश्व स्तरीय खेल स्टेडियम का निर्माण भी शीघ्र किया जाएगा, जिससे खेलों और खिलाड़ियों के विकास का कार्य आसान हो।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा की बेटियाँ विभिन्न खेलों में हिस्सेदारी करती हैं।उन्हें विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जाएगा। जिस तरह वर्ष 2010 में भारतीय महिला हॉकी टीम को आर्थिक सहायता प्रदान कर मध्य प्रदेश सरकार ने एक उदाहरण प्रस्तुत किया था उसी क्रम में इस वर्ष ओलंपिक के श्रेष्ठ प्रदर्शन से भारतीय खिलाड़ियों ने पूरे विश्व का ध्यान आकर्षित किया। टोक्यो ओलंपिक की भारतीय महिला हॉकी टीम के खिलाड़ियों को 31-31 लाख रुपए की सम्मान राशि देकर प्रोत्साहित किया गया है। प्रोत्साहन का यह सिलसिला थमने वाला नहीं है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने समस्त खेल संगठनों से भी आग्रह किया है कि वह खेल मैदानों, खेल प्रशिक्षण और खेल सुविधाओं में वृद्धि के राज्य सरकार के प्रयासों में सहयोगी बने। खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने टेलेंट सर्च के अंतर्गत विभिन्न खेलों में प्रतिभाओं की खोज का अभियान प्रारंभ किया है जिसके शीघ्र ही बहुत अच्छे परिणाम प्राप्त होंगे। राज्य खेल मलखंभ सहित अन्य खेलों के विकास के लिए भी राज्य सरकार ने आवश्यक कदम उठाए हैं।



मंगलवार, 28 सितंबर 2021

मध्यप्रदेश में उपचुनाव का ऐलान : 30 अक्टूबर को मतदान,परिणाम 2 नवंबर को

रविकांत दुबे  AD News 24


मध्यप्रदेश में उपचुनाव के लिए बिगुल बज गया है। निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया। प्रदेश की एक लोकसभा सीट खंडवाए विधानसभा सीट जोबटए पृथ्वीपुर और रैगांव में 30 अक्टूबर को मतदान होगा। परिणाम 2 नवंबर  के दिन आएगा।

उपचुनाव का ऐलान होने के बाद मुख्यमंत्री ने अपना कार्यक्रम बदल दिया है। वे दोपहर 12 बजे भाजपा  दफ्तर पहुंचे। यहां प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत सहित अन्य बड़े पदाधिकारियों के साथ बंद कमरे में बैठक की। सीएम हाउस में मंगलवार को भी मंत्रियों की बैठक होने वाली है। सीएम हाउस में होने वाली बैठक में उपचुनाव की रणनीति पर चर्चा होगी। इस दौरान मुख्यमंत्री उन मंत्रियों से फीडबैक लेंगे, जिन्हें चार सीटों की जिम्मेदारी दी गई है।



सोमवार, 27 सितंबर 2021

भाजपा प्रत्याशी डा. एल. मुरुगन राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित

भोपाल।भाजपा प्रत्याशी डा. एल. मुरुगन मध्‍य प्रदेश से राज्‍यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित हो गए। केंद्रीय मंत्री डा. एल. मुरुगन को भारतीय जनता पार्टी ने मध्‍य प्रदेश की एक खाली सीट के लिए अपना उम्‍मीदवार बनाया गया है। चुनाव के बाद डा मुरुगन ने कहा कि वे मध्‍य प्रदेश के विकास में अपना हर संभव योगदान देंगे। उन्‍होंने राज्‍यसभा चुनाव में प्रत्‍याशी बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री अमित शाह के साथ भारतीय जनता पार्टी आलाकमान का आभार माना।उन्‍होंने इस मौके पर मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और मध्‍य प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्‍यक्ष वीडी शर्मा का भी धन्‍यवाद दिया।

शनिवार, 25 सितंबर 2021

प्रशिक्षण गतिविधियों की वृहद कार्य-योजना तैयार करें - पंचायत मंत्री महेन्द्र सिंह सिसोदिया

महात्मा गांधी राज्य ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज संस्थान की बैठक

भोपाल : पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री महेन्द्र सिंह सिसोदिया ने कहा कि महात्मा गांधी राज्य ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज संस्थान द्वारा विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों के लिये वृहद कार्य-योजना शीघ्र तैयार कर ली जाये। हर व्यक्ति को लाभ पहुँचाने के लिये स्व-सहायता समूहों को प्रशिक्षित करें। मंत्री श्री सिसोदिया मंत्रालय में संस्थान की शासक मण्डल की 21वीं बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में प्रमुख सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास श्री उमाकांत उमराव, संचालक पंचायत राज संचालनालय, संचालक महात्मा गाँधी राज्य ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज संस्थान उपस्थित थे।

मंत्री श्री सिसोदिया ने कहा कि आजीविका पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आदेश प्राप्त होने पर लोगों तक स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्मित विभिन्न उत्पाद और सामग्री पहुँचाई जा रही है। इस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाये, ताकि लोगों को सीधा लाभ प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में जिला प्रशिक्षण केन्द्र खोले जाने के लिये प्रस्ताव तैयार कर लिया जाये।

मंत्री श्री सिसोदिया ने अनुकम्पा नियुक्ति के प्रकरणों एवं संविदाकर्मियों की संविदा सेवा वृद्धि का अनुमोदन, आउटसोर्स कर्मचारियों की पद-स्थापना सहित विभिन्न बिन्दुओं पर चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि पीआरआई, एसएचजी अभिसरण एवं स्व सहायता समूह की विभिन्न प्रकार की गतिविधियों के लिए प्रशिक्षण आयोजित किए जाएं तथा इसका विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर भारत सरकार, ग्रामीण विकास मंत्रालय एवं पंचायत राज मंत्रालय को भेजा जावे।

प्रमुख सचिव श्री उमाकांत उमराव ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा नवाचार एवं अनुसंधान से समृद्धि पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि लघु एवं सीमांत कृषकों द्वारा उपयोग की जाने वाली कम लागत की टेक्नालॉजी को विकसित एवं प्रोत्साहित किया जाए।


मंगलवार, 21 सितंबर 2021

मध्य प्रदेश से राज्यसभा उपचुनाव के लिए भाजपा प्रत्‍याशी एल मुरुगन ने भरा नामांकन


भोपाल । राज्यसभा सदस्य के लिए होने वाले उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी डा. एल. मुरुगन आज भोपाल पहुंचे और नामांकन दाखिल किया। इस अवसर पर उनके साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, पार्टी प्रदेशाध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा समेत मंत्रिमंडल के सदस्य और बीजेपी विधायक मौजूद रहे। नामांकन दाखिल करने के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रस्तावक बने। इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि मुरुगनजी बहुत ही समर्पित और कर्मठ कार्यकर्ता हैं। बचपन से ही उन्‍होंने बीजेपी विचारधारा से जुड़कर काम किया है। प्रदेश अध्यक्ष के नाते भी उन्होंने काम किया है। मध्यप्रदेश के लिए सौभाग्य की बात है कि मुरूगन जी के रूप में एक और केंद्रीय मंत्री मध्यप्रदेश को मिला है। यहां की जनता के कल्याण में वह अहम भूमिका का निर्वाह करेंगे। मैं मध्यप्रदेश में उनका स्वागत करता हूं।

वहीं प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा ने कहा कि अनुसूचित जाति के क्षेत्र में तमिलनाडु में उन्होंने नेतृत्व किया है। हमारा सौभाग्य है कि ऐसा नेतृत्व केंद्रीय नेतृत्व के आदेश पर अब मप्र का प्रतिनिधित्‍व करेगा। मध्य प्रदेश के विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। बहुत ही मेहनती कार्यकर्ता के नाते से उनकी तमिलनाडु में पहचान रही है। हम सभी को उनका नेतृत्व और मार्गदर्शन मिलेगा। इस मौके पर मुरुगन ने सभी का धन्‍यवाद करते हुए केंद्रीय नेतृत्व के प्रति आभार जताया।

वीडी शर्मा ने कहा कि कहा कि कांग्रेस को डर लग रहा है कि राज्यसभा उपचुनाव के लिए उम्मीदवार खड़ा कर दिया तो बचे हुए विधायक भी इधर-उधर न हो जाएं। इस डर से कांग्रेस घबराइ हुई है। कमल नाथ पूरे संगठन पर कब्जा किए हुए हैं। उनको लगता है कि दूसरे व्यक्ति को लड़ाएंगे तो हाई लाइट होगा, कुल मिलाकर कांग्रेस डरी हुई है।

शनिवार, 18 सितंबर 2021

21 सितंबर से होगी जन सुनवाई शुरू , आदेश जारी

मध्यप्रदेश में कोरोना काल में बंद हुई जन सुनवाई की सुविधा करीब डेढ़ साल बाद फिर से शुरू की जा रही है। इसके आदेश शुक्रवार को सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी किए। आदेश में सभी विभागों को जन सुनवाई कार्यक्रम 21 सितंबर से पुनःप्रारंभ के लिए कहा गया है।

सुनवाई में कोरोना गाइड लाइन का पूरी तरह पालन करना होगा। प्रदेश में हर सप्ताह के मंगलवार को जन सुनवाई होती थी। मार्च 2020 में कोरोना की वजह से इसे बंद कर दिया गया था। हालही में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंत्री मंडल की बैठक में इसे पुन: चालू करने के लिए कहा था। बता दें, मार्च 2020 में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए मंगलवार को होने वाली जनवाई बंद कर दी गई थी।



Featured Post

अनुसूचित जाति वर्ग के वर्ष 2016 में बंद किए गए कन्या बालक आश्रम चालू कराने को लेकर केंद्रीय मंत्री सिंधिया से मुलाकात कर मांग की

  ग्वालियर 26 अप्रैल । विभिन्न समस्याओं को लेकर आज ग्वालियर आगमन पर  ज्योतिरादित्य सिंधिया  केंद्रीय मंत्री को वर्ष 2016 में मध्य प्रदेश शास...